मंदसौर। शहर के नई आबादी क्षेत्र स्थित अनुयोग हॉस्पिटल में उपचार के दौरान गोपाल सिंह राजपूत की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों और समाजजनों में आक्रोश व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही बरतने और बीमारी की सही पहचान नहीं कर पाने के आरोप लगाए हैं। मृतक के दामाद कुलदीप सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि अस्पताल में उचित उपचार नहीं मिलने और बीमारी का समय रहते सही पता नहीं चलने के कारण यह दुखद स्थिति बनी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद परिजनों और समाजजनों ने संबंधित डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा से न गुजरना पड़े। अब इस मामले में निष्पक्ष जांच और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। नोट: डॉक्टरों और अस्पताल पर लगाए गए आरोप परिजनों के पक्ष के हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना शेष है। RAAZ NEWS | मंदसौर