भैसोदामंडी। नगर में आवारा सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह पुलिस चौकी के पीछे मैदान में खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची अलिजा पर अचानक एक सूअर ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मां तत्काल मौके पर पहुंची और सूअर के चंगुल से अपनी बेटी को छुड़ाया। हमले में अलिजा के गाल पर तीन से चार टांके आए, जबकि आंख के ऊपर भी एक टांका लगाना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद संक्रमण की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने बच्ची को झालावाड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल इस घटना ने आबादी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे आवारा सूअरों की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। रिहायशी इलाकों और मैदानों में घूमते आवारा जानवर छोटे बच्चों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। अब सवाल यह है कि आखिर प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा है? क्या जिम्मेदार विभाग मासूम बच्चों की सुरक्षा के लिए आवारा सूअरों को पकड़ने और उचित व्यवस्था करने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे?