गरोठ। अमानक पनीर मामले में जांच का दायरा अब राजस्थान तक पहुंच गया है। एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि मामले में राजस्थान से जुड़े लिंक खंगाले गए थे, जिसमें राजस्थान के मिश्रौली से कनेक्शन सामने आया था। इसके बाद गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने मिलावट के संबंध में मिश्रौली के संबंधित थानाधिकारी से संपर्क कर जानकारी साझा की थी। थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के अनुसार, मिश्रौली निवासी डेयरी संचालक महेश पाटीदार के यहां बड़ी मात्रा में अमानक मावा, पनीर और मिठाई होने की सूचना मिली थी। इस सूचना से संबंधित थाने को अवगत कराया गया था। पूजा दूध डेयरी पर मिली बड़ी मात्रा में अमानक खाद्य सामग्री मिश्रौली थाना के कमल किशोर ने बताया कि पूजा दूध डेयरी पर जांच के दौरान लगभग 30 क्विंटल अमानक मावा, 30 किलो अमानक पनीर और 25 से 30 किलो अमानक मिठाई पाई गई। अधिकारियों द्वारा मौके पर मिली अमानक खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया गया। गोदाम सील, सैंपल जांच के लिए भेजे जानकारी के अनुसार, झालावाड़ से पहुंचे संबंधित अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही डेयरी का गोदाम भी सील कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई प्रचलित है। गरोठ में सामने आए अमानक पनीर मामले के राजस्थान कनेक्शन के बाद खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में दोनों क्षेत्रों के अधिकारियों की कार्रवाई और जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। RAAZ NEWS मन्दसौर | राजपाल सिंह परिहार की रिपोर्ट