मंदसौर, 3 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश शासन की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर गांधी सागर में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। बैठक के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गांधी सागर पहुंचे। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने प्रस्तावित बैठक से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते हुए विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, टेंट सिटी तथा हिंगलाज रिजॉर्ट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के आवागमन, ठहरने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रदेश कैबिनेट की प्रस्तावित बैठक गांधी सागर में आयोजित होने से क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियां की जा रही हैं। RAAZ NEWS | मंदसौर वरिष्ठ पत्रकार राजपाल सिंह परिहार की रिपोर्ट