हाईवे किनारे अवैध ढाबों पर प्रशासन का शिकंजा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह पहुंचे मौके पर मिडकट और सड़क किनारे खड़े वाहनों से बढ़ रहा था दुर्घटनाओं का खतरा, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध रूप से संचालित ढाबों और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर गरोठ, भानपुरा एवं शामगढ़ तहसील क्षेत्रों में 8 लेन और 4 लेन हाईवे के नेशनल हाईवे (NH) के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम राहुल चौहान एवं एसडीओपी विजय यादव के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अवैध ढाबों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, कुछ ढाबा संचालकों द्वारा हाईवे पर अवैध रूप से मिडकट बना लिए गए हैं। इसके चलते ट्रक एवं चार पहिया वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ ही आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दिव्यांक सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुरक्षित रखने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से हाईवे किनारे अवैध कब्जा कर ढाबे संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि यह अभियान कितनी प्रभावी तरीके से जारी रहता है और हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने में कितना कारगर साबित होता है। रिपोर्ट : राजपाल सिंह परिहार RAAZ NEWS, मंदसौर