चित्तौड़गढ़। राजनीति में जन्मदिन के अवसर पर नेताओं को बधाई देने, बुके भेंट करने, मालाएं पहनाने और स्वागत-सत्कार करने की परंपरा रही है, लेकिन चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सी.पी. जोशी ने इस परंपरा को एक नई दिशा देने की सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय समाजसेवा और जरूरतमंदों की खुशियों से जोड़ने का संकल्प लिया है। सांसद सी.पी. जोशी ने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की है कि उनके जन्मदिन पर बुके, फूलमालाएं और शॉल भेंट करने के बजाय गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराएं। इस सामग्री में मिठाई, कपड़े, बच्चों के लिए पटाखे तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हो सकती हैं। नगर परिषद में बनाया गया सामग्री संग्रह केंद्र सांसद की इस पहल के तहत नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के कक्ष क्रमांक-1 को सामग्री संग्रह के लिए निर्धारित किया गया है। जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की ओर से लाई जाने वाली सामग्री यहां एकत्रित की जाएगी। इसके बाद दीपावली से पहले इसे जरूरतमंद परिवारों और गरीब बस्तियों के बच्चों तक पहुंचाया जाएगा। 4 नवंबर को जन्मदिन पर बाहर रहेंगे सांसद सांसद सी.पी. जोशी ने बताया कि आगामी 4 नवंबर को वे अपने जन्मदिन के अवसर पर बाहर रहेंगे। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि जन्मदिन को औपचारिक स्वागत और उपहारों तक सीमित रखने के बजाय सेवा कार्यों के माध्यम से मनाएं। गरीब बच्चों की दीपावली रोशन करना ही सबसे बड़ा उपहार सांसद की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन समाज में आज भी अनेक ऐसे परिवार हैं जिनके बच्चों के लिए नए कपड़े, मिठाई और दीपावली की खुशियां जुटाना मुश्किल होता है। ऐसे में जन्मदिन पर मिलने वाली सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का यह प्रयास अनेक परिवारों के चेहरों पर मुस्कान ला सकता है। देश के अन्य सांसद और जनप्रतिनिधि भी लें प्रेरणा सांसद सी.पी. जोशी की यह पहल दूसरे जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकती है। यदि देशभर के सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि अपने जन्मदिन तथा अन्य व्यक्तिगत आयोजनों को समाजसेवा से जोड़ें, तो बड़ी मात्रा में उपयोगी सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा सकती है। राजनीति का वास्तविक उद्देश्य केवल पद और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता और खुशियां पहुंचाना भी है। सांसद सी.पी. जोशी का यह प्रयास इसी भावना को मजबूत करता है। इस दीपावली किसी गरीब बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन का सबसे सुंदर उपहार है। RAAZ NEWS राजपाल सिंह परिहार वरिष्ठ पत्रकार