देशमंदसौरमध्यप्रदेश30 अक्टूबर 2026
मंदसौर के सगे भाई-बहन मोहित बथमी व वेदिका बथमी का ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय हॉकी टीम में चयन
मंदसौर के सगे भाई-बहन मोहित बथमी व वेदिका बथमी का ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय हॉकी टीम में चयन

मंदसौर के सगे भाई-बहन मोहित बथमी व वेदिका बथमी का ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय हॉकी टीम में चयन
मोहित रांची में और वेदिका राउरकेला में राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में करेंगी सहभागिता
मंदसौर। मंदसौर के लिए गौरव की बात है कि केंद्रीय विद्यालय मंदसौर के दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी मोहित बथमी एवं वेदिका बथमी का चयन ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी दिसंबर 2026 एवं जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की राष्ट्रीय शालेय हॉकी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों का चयन दिल्ली में आयोजित केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय टीम का गठन देशभर के केंद्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से किया जाता है।
मोहित बथमी रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि वेदिका बथमी जनवरी में राउरकेला में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी। विशेष बात यह है कि मोहित एवं वेदिका सगे भाई-बहन हैं और दोनों ही केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में अध्ययनरत हैं। मोहित कक्षा 11वीं के छात्र हैं, जबकि वेदिका कक्षा 10वीं की छात्रा हैं।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में हॉकी मंदसौर के प्रशिक्षकों के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय मंदसौर की प्राचार्य नीलांजनी प्रसाद, खेल शिक्षक उमेश सर एवं कोच आजाद सर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मोहित एवं वेदिका के पिता मिथुन बथमी खेलों के शौकीन हैं तथा फलों के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। परिवार के खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण और खिलाड़ियों की नियमित मेहनत ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जिला खेल अधिकारी ओ.पी. हरोड़ ने बताया कि मोहित एवं वेदिका दोनों मध्य प्रदेश शासन द्वारा मंदसौर में संचालित हॉकी फीडर सेंटर तथा केंद्र शासन द्वारा संचालित खेलो इंडिया सेंटर के नियमित सदस्य हैं। दोनों खिलाड़ी प्रतिदिन दो से तीन घंटे नियमित रूप से हॉकी का अभ्यास करते हैं। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ है।
हॉकी मंदसौर के संरक्षक यशपाल सिंह सिसोदिया, विशाल गोयल एवं त्रिभुवन कविश्वर, जिला खेल अधिकारी ओ.पी. हरोड़, हॉकी मंदसौर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया एवं सचिव अविनाश उपाध्याय, प्रशिक्षक रवि कोपरगांवकर, दिनेश यादव एवं शैलेंद्र मसीह, खेलो इंडिया के एनआईएस कोच वैभव चौरसिया, मीत चौहान, मंगल बैरागी, ओमप्रकाश गुर्जर, राजेंद्र सिंह एवं भरत सिंह, शासकीय महाविद्यालय मंदसौर के खेल अधिकारी राजू कुमार, शासकीय महाविद्यालय दलौदा के खेल अधिकारी अब्दुल रज्जाक, वरिष्ठ खिलाड़ी संजय तोमर, मनोज जैन, अंकित मंडोर, राकेश श्रीवास्तव, भारत देवड़ा, अजय सिंह गौड़, कमलेश शर्मा, शैलेंद्र परिहार, पिंटू आर्थर एवं डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी सहित दुबेला क्लब के अध्यक्ष विनय दुबेला तथा अमर क्लब के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह सिसोदिया ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंदसौर के खेल जगत में इस उपलब्धि को गर्व का विषय माना जा रहा है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि मोहित एवं वेदिका राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंदसौर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उक्त जानकारी हॉकी मंदसौर के जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र कनौजिया ने दी।

READERS' VOICES
इस खबर पर आपकी राय
अपनी राय देने के लिए reader account से login करें।
Login / Create account →अभी कोई approved review नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें।

