मंदसौर। नगर पालिका परिषद मंदसौर की 3 नवंबर 2026 को आयोजित परिषद बैठक के एजेंडे में शामिल मुआवजा राशि के एक प्रस्ताव को लेकर वार्ड क्रमांक 20 की पार्षद श्रीमती दिव्या अनूप महेश्वरी ने आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इस संबंध में परिषद अध्यक्ष को लिखित आवेदन सौंपकर संबंधित प्रस्ताव को आगामी बैठक तक स्थगित रखने की मांग की है। प्राप्त आवेदन के अनुसार, परिषद की 3 नवंबर को होने वाली बैठक के एजेंडा बिंदु क्रमांक 05 में श्रीमती शकीलाबाई, पति सलीम खां को 1 लाख 18 हजार 490 रुपये की मुआवजा राशि दिए जाने का प्रकरण परिषद के विचारार्थ प्रस्तुत किया गया था। पार्षद दिव्या महेश्वरी ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि संबंधित क्षेत्र धामनमंडी उनके वार्ड के अंतर्गत आता है। इसके बावजूद उनके द्वारा उक्त प्रकरण की पत्रिका एवं संबंधित दस्तावेजों का अब तक अवलोकन नहीं किया गया है। उन्होंने परिषद अध्यक्ष से आग्रह किया है कि जब तक संबंधित प्रकरण के दस्तावेजों का अवलोकन नहीं हो जाता, तब तक इस प्रस्ताव पर निर्णय नहीं लिया जाए। इसी आधार पर उन्होंने एजेंडा बिंदु क्रमांक 05 पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रकरण को आगामी परिषद बैठक में रखने के निर्देश जारी करने की मांग की है। पारदर्शिता और प्रक्रिया पर जोर पार्षद द्वारा उठाई गई आपत्ति के बाद अब इस मुआवजा प्रकरण को लेकर परिषद में आगे क्या निर्णय होता है, इस पर निगाहें रहेंगी। पार्षद का कहना है कि उनके वार्ड से संबंधित प्रकरण होने के कारण उन्हें इसकी पूरी जानकारी और दस्तावेजों का अवलोकन करने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि तथ्यों को समझने के बाद ही परिषद में इस पर विचार किया जा सके। फिलहाल पार्षद ने केवल प्रस्ताव को स्थगित कर अगली बैठक में रखने की मांग की है। मुआवजा प्रकरण की वास्तविक परिस्थितियों और भुगतान की पात्रता को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित दस्तावेजों के परीक्षण एवं परिषद की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा। राजपाल सिंह परिहार RAAZ NEWS मंदसौर