शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रैक्टर-ट्रॉली से 509 किलो डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार बिना नंबर के लाल मैसी ट्रैक्टर में ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिना नंबर के लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से 509 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। जब्त डोडाचूरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को शामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर का लाल रंग का मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध डोडाचूरा लेकर बसई से मेलखेड़ा होते हुए गरोठ की ओर जाने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने देवरी-मेलखेड़ा आम रोड पर ग्राम टकरावद फंटा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे 27 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 509 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। 51 वर्षीय रमेश प्रजापति गिरफ्तार, कुशमल पाटीदार फरार पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम रमेश प्रजापति पिता मोहनलाल प्रजापति, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डोडाचूरा एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डोडाचूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली वह ग्राम शक्करखेड़ी निवासी कुशमल पिता माधुलाल पाटीदार से लेकर आया था। पुलिस ने मामले में रमेश प्रजापति एवं कुशमल पाटीदार के विरुद्ध धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी की भूमिका और डोडाचूरा के स्रोतों को लेकर पुलिस का अग्रिम अनुसंधान जारी है। 1 करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में 509 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 1 लाख 80 हजार रुपये है, तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर का लाल रंग का मैसी ट्रैक्टर मय ट्रॉली, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, शामिल है। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में शामगढ़ थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उप निरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, प्रधान आरक्षक ममशाद नूर, आरक्षक विशाल सिंह, प्रेम कुमार रावत एवं हीरालाल का सराहनीय योगदान रहा। मंदसौर जिले में लगातार हो रही मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। RAAZ NEWS | मंदसौर