देशमन्दसौरमध्य प्रदेश31 अक्टूबर 2026
शिवना में गंदे नाले बंद नहीं हुए तो शहरवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठूंगा : विधायक विपिन जैन शिवना शुद्धिकरण अभियान के 148वें दिन श्रमदान, नदी से निकाली 2 ट्रॉली जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा और गाद
ताजा अपडेट

मंदसौर। शिवना नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा शिवना शुद्धिकरण अभियान शनिवार को 148वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान श्रमदानियों ने शिवना ब्रिज मुक्तिधाम के समीप छोटी पुलिया के दोनों ओर तथा भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप नदी एवं घाटों की सफाई की। श्रमदान के दौरान नदी से करीब दो ट्रॉली जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा, पॉलीथिन, पूजन सामग्री एवं गाद बाहर निकाली गई।
सफाई के दौरान नदी में पॉलीथिन में भरकर फेंकी गई पूजन सामग्री के साथ बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा मिला। श्रमदानियों ने इसे नदी से बाहर निकालकर घाटों और नदी किनारे जमा गंदगी की भी सफाई की।
गंदे नाले बंद नहीं हुए तो अनिश्चितकालीन धरना दूंगा : विपिन जैन
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने शिवना नदी में लगातार मिल रहे सीवरेज के गंदे पानी को लेकर गहरी नाराजगी जताई। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि पिछले करीब 18 महीनों से शिवना को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हजारों लोग श्रमदान कर चुके हैं और सैकड़ों ट्रॉली कचरा नदी से बाहर निकाला जा चुका है। इसके बावजूद सीवरेज के नाले बार-बार फूटने से गंदा पानी नदी में मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे शिवना का स्वच्छ पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है और जलीय जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यदि शिवना में मिल रहे गंदे नालों को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो वे मंदसौर के नागरिकों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
विधायक जैन ने कहा कि शिवना की स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या अभियान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नदी में कचरा एवं पूजन सामग्री न डालें। पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों और कलश में ही रखें।
इनकी रही सहभागिता
148वें दिन के श्रमदान में विधायक विपिन जैन के साथ समाजसेवी हेमराज खाबिया, राकेश जैन पिंटू, दिनेश चौधरी, संभव जैन, इष्टा भाचावत, अनीता भदोरिया, सुनीता बंडी सहित कांग्रेसजन राजनारायण लाड़, विकास दशोरा, साबिर इलेक्ट्रीशियन, संजय नाहर, रमेश ब्रिजवानी, राहुल तिवारी, गणपत कुमावत, संजय बारोट, अजय सोनी, जयेश पालीवाल, कैलाश कुमावत (अमलावद), राजेश चौधरी, मंगल गवली एवं ऋषिराज लाड़ सहित अनेक लोगों ने सहभागिता कर श्रमदान किया।

READERS' VOICES
इस खबर पर आपकी राय
अपनी राय देने के लिए reader account से login करें।
Login / Create account →अभी कोई approved review नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें।

