देशपिपलियामंडीमध्य प्रदेश2 नवंबर 2026
दो साल से फरार 16 हजार का इनामी आरोपी जवान सिंह बावरी गिरफ्तार, मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता
पिपलियामंडी पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत की कार्रवाई, मंदसौर और उज्जैन जिले के एनडीपीएस मामलों में था फरार, आरोपी पर दर्ज हैं कुल 12 अपराध।

मंदसौर। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिपलियामंडी पुलिस ने दो वर्षों से फरार चल रहे 16 हजार रुपये के इनामी आरोपी जवान सिंह उर्फ निर्मल बावरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना एवं उज्जैन जिले के नागदा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल द्वारा किया जा रहा है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान सिंह उर्फ निर्मल पिता प्रतापसिंह बावरी (40 वर्ष), निवासी ग्राम अम्बाव, थाना पिपलियामंडी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 12 आपराधिक प्रकरण
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जवान सिंह उर्फ निर्मल बावरी के विरुद्ध वर्ष 2017 से 2026 तक चोरी, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट एवं मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड स्वीकृत हुआ है। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, सउनि संतोष मुनिया, प्रधान आरक्षक वसीम खान, नरेंद्र धनगर, नरेंद्र सिंह चौहान, विजय परमार तथा आरक्षक उदल सिंह, रिंकू सिंह, पवन सिंह बोराना, राहुल पाटीदार, अनिल गुर्जर, नागेश्वर पाटीदार एवं जुगल किशोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत मंदसौर पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त फरार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की सख्ती को दर्शाती है।
RAAZ NEWS | मंदसौर
वरिष्ठ पत्रकार राजपाल सिंह परिहार

READERS' VOICES
इस खबर पर आपकी राय
अपनी राय देने के लिए reader account से login करें।
Login / Create account →अभी कोई approved review नहीं है। सबसे पहले अपनी राय दें।

