पिपलियामंडी। दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज पिपलियामंडी स्थित श्री अमृत धारा दूध प्लांट का अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मल्हारगढ़ तहसीलदार वैभव जैन एवं पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दूध प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। त्योहारी सीजन में दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मिलावटखोरी पर अंकुश लगाना और उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाना है। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल देखने को मिल रही है। वहीं आमजन ने भी खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों को महत्वपूर्ण बताया है। Raaz news | पिपलियामंडी